कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट ,भागलपुर
दिल्ली से लौटते वक्त कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रवीण कुशवाहा की सड़क हादसे में मौत, इलाके में शोक की लहर![]()
भागलपुर जिला कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष प्रवीण सिंह कुशवाहा की उत्तर प्रदेश के कन्नौज के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब वे दिल्ली से वापस अपने गृह जिले भागलपुर लौट रहे थे। इस दुर्घटना में उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिसमें सवार उनकी साली, भतीजा और ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रवीण कुशवाहा ने महज एक माह पूर्व ही भागलपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार संभाला था। कम समय में ही उन्होंने संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की दिशा में कई पहल शुरू की थीं। उन्हें पार्टी का एक समर्पित, जुझारू और जमीनी नेता माना जाता था, जिनकी कार्यशैली से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ था।
उनके आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। राजनीतिक गलियारों में भी इस घटना को लेकर गहरा दुख व्यक्त किया जा रहा है। कई वरिष्ठ नेताओं ने इसे पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
स्थानीय स्तर पर शोकसभा आयोजित कर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी जा रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया है। वहीं, प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुट गया है। वही बांका भाकपा माले नेता रणवीर कुशवाहा ने जिला अध्यक्ष के इस तरह और सामायिक निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए शोक संवेदना व्यक्त किया है।
.png)



