प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
बच्चों के विवाद में खूनी संघर्ष, पांच घायल,एक की हालत गंभीर, मायागंज रेफर
बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के सुरिहारी गांव में मंगलवार देर रात बच्चों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें एक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का इलाज अमरपुर रेफरल अस्पताल में कराया गया, जहां गंभीर रूप से घायल किशोरी यादव को बेहतर उपचार के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया गया।
घायलों में प्रथम पक्ष के टुनटुन यादव, किशोरी यादव और मनीष यादव तथा दूसरे पक्ष के सिकंदर यादव और बबलु यादव शामिल हैं। अस्पताल में इलाजरत टुनटुन यादव ने बताया कि उनकी बच्चियां बकरी चराने गई थीं, जहां सिकंदर यादव ने उनकी बच्ची के साथ मारपीट की। इसकी जानकारी मिलने पर जब वे पूछताछ करने सिकंदर यादव के घर पहुंचे तो सिकंदर यादव, दयानंद यादव, बबलु यादव, धनंजय यादव और पवन यादव सहित अन्य लोगों ने लाठी-डंडे से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों को भी पीटा गया।
वहीं दूसरे पक्ष के सिकंदर यादव ने आरोप लगाया कि टुनटुन यादव की बच्चियों ने जबरन उनके घर के समीप बकरी बांध दी थी। विरोध करने पर टुनटुन यादव अपने परिजनों के साथ पहुंचे और मारपीट कर उन्हें तथा उनके परिवार के अन्य सदस्यों को घायल कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। दोनों पक्षों ने मामले को लेकर अमरपुर थाना में लिखित आवेदन देने की बात कही है।
.png)

