सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर बांका बिहार
जर्जर तार और लो वोल्टेज से ‘अंधेरे’ में ऊंचा कुन्नथ गांव, ग्रामीणों में फूटा आक्रोश
शंभूगंज प्रखंड की पड़रिया पंचायत स्थित ऊंचा कुन्नथ गांव में बिजली विभाग की लापरवाही से ग्रामीणों का जीवन संकट में पड़ गया है। वार्ड संख्या चार के करीब 125 घरों की बिजली व्यवस्था महज एक ट्रांसफार्मर के भरोसे चल रही है। ऊपर से दस वर्षों से जर्जर तार नहीं बदले जाने के कारण गांव में लगातार बिजली संकट गहराता जा रहा है। हल्की हवा चलने पर भी घंटों बिजली गुल हो जाती है, जबकि हमेशा लो वोल्टेज रहने से ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पतवारा ग्रिड से आपूर्ति होने वाली बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। कई बार विद्युत विभाग के जेई और अन्य अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। इससे लोगों में भारी नाराजगी है।
ग्रामीण धर्मेंद्र सिंह, सेवानिवृत्त दरोगा केपी सिंह, नितेंद्र कुमार सिंह, सुभाष झा, रामानंद झा, सदानंद ठाकुर, शिवनंदन ठाकुर, रघुनंदन दास, राजेश दास और अजय दास सहित अन्य लोगों ने बताया कि गांव में बिजली विभाग की कुव्यवस्था के कारण उपभोक्ताओं को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गांव में एक बिजली पोल कई महीनों से टूटा पड़ा है और विभाग द्वारा अस्थायी व्यवस्था के तहत प्लास्टिकनुमा तार को आम के पेड़ में लपेटकर विद्युत आपूर्ति की जा रही है, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
ग्रामीणों ने बताया कि लगातार लो वोल्टेज रहने से पंखा, मोटर और अन्य विद्युत उपकरण सही तरीके से नहीं चल पा रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी पेयजल को लेकर हो रही है, क्योंकि मोटर पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से पानी नहीं उठा पा रही है। बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने विभाग से अविलंब जर्जर तार बदलने, टूटे पोल की मरम्मत कराने तथा अधिक क्षमता वाला नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। वहीं विभागीय अधिकारियों की ओर से अब तक इस मामले में कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
.png)




