सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर ,बांका बिहार
जनगणना कार्य में सुस्ती पर बीडीओ सख्त, घर-घर पहुंचकर किया निरीक्षण
शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र में चल रहे भारत की जनगणना 2027 के तहत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य में अपेक्षाकृत प्रगति नहीं होने पर प्रशासन सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को प्रखंड चार्ज पदाधिकारी सह बीडीओ नीतीश कुमार ने विभिन्न पंचायतों का दौरा कर कार्यों का निरीक्षण किया तथा कर्मियों को तेजी से कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान अपर चार्ज पदाधिकारी सह प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी बाल कुमार सिंह भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने झखरा पंचायत के राजस्व गांव प्रतापपुर पहुंचकर मकान गणना कार्य का जायजा लिया। इस दौरान क्षेत्र में प्रतिनियुक्त सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षक गणना कार्य करते हुए उपस्थित पाए गए।
अधिकारियों ने मकान गणना खंड संख्या 144 से 150 तक चल रहे कार्य का निरीक्षण किया। इस कार्य में प्रगणक विभाष रविदास, अंकित राज, हिमांशु कुमार एवं अमर श्रीवास्तव सक्रिय रूप से लगे मिले। वहीं मालडीह पंचायत के पर्यवेक्षीय सर्किल संख्या 21 अंतर्गत मकान गणना खंड 296 से 301 तक के कार्य का भी निरीक्षण किया गया। यहां संतोष कुमार दीपक, संजीव कुमार विद्यार्थी, पंकज कुमार एवं अनिल द्वारा किए जा रहे कार्य को संतोषजनक पाया गया।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि मकान सूचीकरण से छूटे हुए घरों का सर्वेक्षण प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराने तथा कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
अधिकारियों ने कहा कि जनगणना कार्य राष्ट्रीय महत्व का दायित्व है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के बाद कर्मियों में कार्य को लेकर गंभीरता देखी गई।
.png)




