Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग न्यूज : नवजात की मौत पर अस्पताल में बवाल, परिजनों ने की तोड़फोड़

 सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर ,बांका बिहार

नवजात की मौत पर अस्पताल में बवाल, परिजनों ने की तोड़फोड़

कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में घंटों अफरा-तफरी, स्टाफ पर लापरवाही का आरोप

बांका जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटोरिया में शनिवार को नवजात की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा करते हुए अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ कर दी। इस घटना से अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ देर के लिए स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित हुईं। अस्पताल प्रबंधन की काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका।

जानकारी के अनुसार कटोरिया प्रखंड के गड़ूरा गांव निवासी रेणु देवी, पति अरविंद यादव, को शनिवार अहले सुबह प्रसव पीड़ा होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान सुबह करीब 11 बजे महिला ने सामान्य प्रसव के जरिए एक नवजात को जन्म दिया। चिकित्सकों के अनुसार नवजात ने गर्भ में ही मल त्याग कर दिया था, जिसे वह निगल गया था। इससे उसकी स्थिति गंभीर हो गई। नवजात की हालत चिंताजनक देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए देवघर रेफर कर दिया गया।

परिजन नवजात को लेकर तत्काल देवघर पहुंचे, लेकिन वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। नवजात की मौत की सूचना मिलते ही कटोरिया अस्पताल में भर्ती प्रसूता के परिजन आक्रोशित हो उठे। महिला के भैंसुर राजेंद्र यादव समेत अन्य परिजनों ने अस्पताल कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

आरोप है कि उग्र युवक ने लेबर वार्ड के बाहर नर्स स्टेशन पर रखी फाइलें और रजिस्टर फेंक दिए तथा टेबल पलट दिया। इसके बाद उसने स्टूल उठाकर लेबर वार्ड के केबिन गेट पर दे मारा, जिससे शीशा टूटकर बिखर गया। घटना के दौरान पास में मौजूद एक महिला और उसकी गोद में नवजात बाल-बाल बच गए।

हंगामे की सूचना पर अस्पताल प्रबंधक, चिकित्सक और अन्य कर्मी मौके पर पहुंचे तथा काफी प्रयास के बाद युवक को शांत कराया। परिजनों ने एएनएम पर प्रसव में लापरवाही और जानबूझकर देरी करने का आरोप लगाया। वहीं अस्पताल प्रबंधन ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की बात कही है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |