सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर ,बांका बिहार
सोशल मीडिया पर परवान चढ़ा प्यार, नाबालिग संग फरार युवक की शादी का वीडियो वायरल; परिजनों में मचा हड़कंप
शंभूगंज। शंभूगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग लड़की को लेकर फरार हुए युवक का मामला इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया के माध्यम से हुई दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई और आखिरकार युवक नाबालिग को लेकर घर से फरार हो गया। मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया जब कथित शादी की तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सहरोय गोयड़ा निवासी सन्नी कुमार का संपर्क एक गांव की नाबालिग लड़की से सोशल मीडिया के जरिए हुआ था। बातचीत का सिलसिला बढ़ने के साथ दोनों के बीच प्रेम संबंध गहरा हो गया। परिजनों की जानकारी के बिना दोनों ने साथ रहने का फैसला कर लिया। आरोप है कि करीब चार दिन पूर्व युवक नाबालिग को शादी की नीयत से अपने साथ लेकर चला गया।
इसी बीच एक मंदिर में कथित विवाह किए जाने की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। फोटो और वीडियो सामने आते ही लड़की के परिजनों में हड़कंप मच गया। इसके बाद परिजनों ने शंभूगंज थाना में आवेदन देकर सन्नी कुमार, उसके चाचा मिथिलेश कुमार तथा अन्य लोगों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया।
मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शनिवार को युवक के चाचा मिथिलेश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाना लाया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है और फरार युवक तथा नाबालिग की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
पुनि सह थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। नाबालिग का पता लगाने और उसे सुरक्षित बरामद करने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोग मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
.png)




