सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
सूने घर को चोरों ने बनाया निशाना, लाखों की संपत्ति लेकर फरार
शंभूगंज थाना क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ताजा मामला क्षेत्र के छत्रहार गांव का है, जहां मंगलवार की रात एक सूने घर को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पीड़ित गृहस्वामी मुकुंद तिवारी ने अज्ञात चोरों के खिलाफ शंभूगंज थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़ित मुकुंद तिवारी ने बताया कि उनका पूरा परिवार पश्चिम बंगाल के आसनसोल में रहता है। बुधवार को उन्हें अपनी बहन की शादी की सालगिरह में शामिल होने गांव आना था। गांव पहुंचकर जैसे ही उन्होंने घर का मुख्य दरवाजा खोला, अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। घर के चारों कमरों का ताला टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी और बक्सों को तोड़कर चोरों ने घर में रखे नकद रुपये, सोने-चांदी के आभूषण समेत चार लाख रुपये से अधिक की संपत्ति चोरी कर ली।
पीड़ित ने बताया कि घर का मुख्य द्वार सुरक्षित था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि चोर चहारदीवारी फांदकर घर के ऊपर बने छत के रास्ते अंदर घुसे। छत के गेट में थोड़ा गैप होने का फायदा उठाकर चोर घर में प्रवेश कर गए और पूरी वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद गांव के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के पीछे असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का हाथ हो सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले खजुरी सहित कई गांवों में भी सूने घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी बड़े गिरोह का खुलासा नहीं हो पाया है। लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में भय और आक्रोश दोनों देखा जा रहा है।
मामले को लेकर शंभूगंज थाना के पुनि सह थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
.png)




