सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
पहले ही प्रयास में अभिनव ने लहराया सफलता का परचम, नवोदय विद्यालय में हुआ चयन
शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र के मिर्जापुर बाजार स्थित धनंजय यादव मेमोरियल स्कूल के छात्र अभिनव कुमार ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले ही प्रयास में जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। बेलसीरा गांव निवासी अभिनव कुमार, पिता अजीत कुमार का चयन बांका स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय, शांतिनगर में हुआ है।
अभिनव कुमार की इस उपलब्धि से परिवार सहित विद्यालय में खुशी का माहौल है। परिजनों ने बेटे की सफलता पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए विद्यालय के प्राचार्य कुंदन कुमार राय एवं सभी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। परिवार के सदस्यों ने कहा कि शिक्षकों के बेहतर मार्गदर्शन और छात्र की मेहनत के कारण यह सफलता संभव हो सकी है।
बताया जाता है कि अभिनव कुमार शंभूगंज प्रखंड के मिर्जापुर स्थित धनंजय यादव मेमोरियल स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रहा था। विद्यालय में शुरू से ही पढ़ाई के प्रति उसका विशेष लगाव रहा है। मेहनत और अनुशासन के बल पर उसने नवोदय विद्यालय जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त कर अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा प्रस्तुत की है।
विद्यालय के निदेशक इंजीनियर अनिकेत राय ने छात्र की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय में अध्ययनरत सभी छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विद्यालय के और भी छात्र विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
अभिनव की इस उपलब्धि से विद्यालय के छात्रों में उत्साह का माहौल है तथा शिक्षकों ने इसे विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था और छात्र की मेहनत का परिणाम बताया है।
.png)




