प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
इंगलिशमोड़ में ज्वैलर्स दुकान में लाखों की चोरी, शिव मंदिर से घंटा-कलश भी गायब
बांका जिले के अमरपुर प्रखंड में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। पुलिस एक मामले के उद्भेदन में जुटी रहती है, तभी चोर दूसरी घटना को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। ताजा मामला थाना क्षेत्र के इंगलिशमोड़ चौक स्थित श्रेया ज्वैलर्स का है, जहां चोरों ने दुकान में घुसकर नगदी समेत सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।
पीड़ित दुकानदार नुरगंज फतेहपुर निवासी मुरली पोद्दार ने बताया कि बुधवार रात रोजाना की तरह दुकान बंद कर वह अपने घर चले गए थे। गुरुवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। दुकान का सामान बिखरा पड़ा था तथा कैश काउंटर टूटा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि दुकान से करीब आधा किलो चांदी, आठ ग्राम सोने के आभूषण और काउंटर में रखा दस हजार रुपये गायब हैं।
दुकानदार ने बताया कि दुकान का शटर सही सलामत था, लेकिन सीढ़ी के ऊपर लगा चदरा हटाया हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि चोर छत के रास्ते दुकान में प्रवेश कर चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी। मामले को लेकर दुकानदार ने थाने में लिखित आवेदन दिया है।
इधर दूसरी ओर, अज्ञात चोरों ने प्रखंड मुख्यालय स्थित शिव मंदिर से कांसे की घंटी और कलश भी चोरी कर लिया। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
.png)



