प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
सिमरा पुल के समीप सड़क हादसे में युवक गंभीर, मायागंज रेफर
बांका जिले के अमरपुर प्रखंड के इंगलिशमोड़-शंभुगंज मुख्य पथ स्थित सिमरा पुल के समीप बुधवार की देर रात सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घायल युवक की पहचान बल्लिकित्ता गांव निवासी सुनील मंडल के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों एवं परिजनों की मदद से घायल युवक को उपचार के लिए अमरपुर रेफरल अस्पताल लाया गया।
अस्पताल में मौजूद चिकित्सक डॉ. अपूर्व अमन सिंह ने घायल युवक का प्राथमिक उपचार किया। युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया गया। डॉक्टर ने बताया कि दुर्घटना में युवक के सिर पर गहरी चोट लगी है, जिससे उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
परिजनों ने बताया कि सुनील मंडल बुधवार की रात भरको हाट से आलू बेचकर बाइक से अपने घर बल्लिकित्ता लौट रहा था। इसी दौरान सिमरा पुल के समीप अचानक बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद परिवार में चिंता का माहौल बना हुआ है।
.png)


