प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
मॉर्निंग वॉक पर गई महिला से मोबाइल झपटकर फरार, थाने में शिकायत
अमरपुर शहर में झपटमारी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला मंगलवार की अहले सुबह प्रखंड मुख्यालय परिसर का है, जहां मॉर्निंग वॉक पर गई एक महिला का मोबाइल झपटमार छीनकर फरार हो गया। पीड़िता ने मामले की लिखित शिकायत अमरपुर थाना में देकर मोबाइल बरामदगी की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार शहर के वार्ड संख्या 12 निवासी संगीता कानोडिया रोज की तरह अन्य महिलाओं के साथ सुबह टहलने के लिए प्रखंड मुख्यालय परिसर गई थीं। करीब पांच बजे वह परिसर में लगे फूलों के पौधों से फूल तोड़ रही थीं। इसी दौरान चेहरे पर तौलिया बांधे एक युवक अचानक उनके पास पहुंचा और उनके हाथ से थैला छीनकर डटवाटी गांव की ओर भाग निकला।
पीड़िता ने बताया कि थैले में सैमसंग कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन और मोबाइल कवर के पीछे रखे लगभग एक हजार रुपये थे। उन्होंने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी उनकी आंखों से ओझल हो चुका था। चेहरे पर कपड़ा बंधा होने के कारण वह युवक की पहचान नहीं कर सकीं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में लगातार बढ़ रही छिनतई की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है। कुछ लोगों ने इन घटनाओं के पीछे नशे के बढ़ते चलन को भी जिम्मेदार बताया। गौरतलब है कि करीब 15 दिन पूर्व भी एक निजी शिक्षिका से मोबाइल झपटने की घटना हुई थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
.png)




