विपिन सिंह, APP न्यूज डेस्क रिपोर्ट, बांका बिहार
नदी का सीना छलनी, रातों में सजता कारोबार,बालू की काली कमाई में डूब रहा अमरपुर हर बार
बांका जिले के अमरपुर प्रखंड में अवैध बालू खनन का काला कारोबार प्रशासनिक कार्रवाई के बावजूद धड़ल्ले से जारी है। चांदन नदी के विभिन्न अवैध घाटों पर हर रात बालू माफियाओं की महफिल सजती है और नदी का सीना छलनी कर लाखों रुपये की कमाई की जा रही है। हालात यह हैं कि अमरपुर शहर में एक ट्रैक्टर अवैध बालू 55 सौ रुपये तक में बेची जा रही है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में इससे भी अधिक कीमत वसूली जा रही है।
सूत्रों के अनुसार मालदेवचक, चोकर, मादाचक समेत कई घाटों पर शाम ढलते ही बालू माफियाओं की सक्रियता बढ़ जाती है। पूरी रात ट्रैक्टर, पिकअप और अन्य वाहनों से बालू उठाव का खेल चलता रहता है। माफिया चांदन नदी से बालू निकालकर लक्ष्मीपुर चिरैया पंचायत के चतरा गांव, विश्वासपुर गांव के आम बगीचों तथा संग्रामपुर सहित कई जगहों पर बड़े पैमाने पर बालू डम्प कर रहे हैं। बाद में इन्हीं डम्प स्थलों से हाईवा में बालू लोड कर रात के अंधेरे में दूसरे जिलों तक भेजा जाता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि रात्रि गश्ती के दौरान पुलिस वाहन क्षेत्र में मौजूद रहते हैं, फिर भी बालू लदे वाहनों की आवाजाही बेरोकटोक जारी रहती है। ऐसे में लोगों के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि आखिर किसके संरक्षण में यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा है। लगातार भारी वाहनों के परिचालन से गांवों में धूल, शोर और दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि शाम होते ही गांवों में भय का माहौल बन जाता है।
एक सप्ताह पूर्व सुलतानपुर गांव में बालू लदे ट्रैक्टरों की तेज रफ्तार को लेकर ग्रामीणों और चालकों के बीच झड़प भी हुई थी। हालांकि बाद में चालकों द्वारा माफी मांगने के बाद मामला शांत हुआ। ग्रामीणों ने बताया कि लगातार हो रहे अवैध खनन के कारण चांदन नदी का जलस्तर नीचे चला गया है, जिससे नदी किनारे बसे गांवों में पेयजल संकट गहराने लगा है।
हद तो तब हो रही है जब मादाचक घाट से बोरे में बालू भरकर ऑटो, बैलगाड़ी, साइकिल और घोड़ा गाड़ी से एक जगह जमा किया जाता है, फिर बड़े वाहनों में लोड कर बाहर भेज दिया जाता है। इस पूरे खेल से सरकार को लाखों रुपये राजस्व का नुकसान हो रहा है।
मामले को लेकर ने बताया कि अवैध खनन और बालू डम्पिंग की सूचना मिली है तथा जल्द ही बालू माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
.png)





