Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

कटखने बंदर का आतंक जारी, हमले में 55 वर्षीय व्यक्ति जख्मी

 प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार 

कटखने बंदर का आतंक जारी, हमले में 55 वर्षीय व्यक्ति जख्मी

बांका जिले के अमरपुर प्रखंड के भिखनपुर पंचायत अंतर्गत महौता गांव में कटखने बंदर का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार की सुबह बंदर के हमले में गांव के 55 वर्षीय रामजी शर्मा जख्मी हो गए। बताया गया कि रामजी शर्मा अपने घर के आंगन में काम कर रहे थे, तभी अचानक कटखने बंदर ने उन पर हमला कर दिया। हमले में वे घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना के बाद परिजनों एवं ग्रामीणों की मदद से जख्मी को इलाज के लिए अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर सौरभ कुमार ने उनका प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सक ने बताया कि घायल की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।

ग्रामीणों के अनुसार पिछले दस दिनों में कटखने बंदर के हमले से दर्जनों लोग जख्मी हो चुके हैं। इनमें सात लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर किया गया था। लगातार हो रहे हमलों के बावजूद वन विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से अविलंब टीम भेजकर कटखने बंदर को पकड़ने और इलाके को उसके आतंक से मुक्त कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बंदर के डर से बच्चे और बुजुर्ग घर से निकलने में भी भय महसूस कर रहे हैं।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |