कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर
श्रावणी मेला 2026 की तैयारी तेज, डीएम-एसएसपी ने सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर की बड़ी बैठक
विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 को लेकर भागलपुर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शुक्रवार को भागलपुर में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और बुनियादी सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में विशेष रूप से सुल्तानगंज से बाबा बैद्यनाथ धाम तक जाने वाले कांवरिया पथ पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि इस वर्ष भी लाखों कांवरियों के आने की संभावना है, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
प्रशासन द्वारा मेले के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थलों पर निगरानी बढ़ाने तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर चर्चा की गई। इसके अलावा ट्रैफिक जाम से निपटने, भीड़ नियंत्रण और आपात स्थिति से निपटने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग, नगर निकाय, बिजली विभाग, पेयजल, आपदा प्रबंधन एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों को भी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया। कांवरिया पथ पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, अस्थायी शौचालय और चिकित्सा शिविरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि श्रावणी मेला 2026 का आयोजन 30 जुलाई से 28 अगस्त तक किया जाएगा। इस दौरान सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर लाखों श्रद्धालु पैदल यात्रा कर देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचेंगे।
प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया गया है, ताकि विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले का आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
.png)





