Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग न्यूज : 40 घंटे से अंधेरे में भागलपुर, बिजली बहाली की निगरानी को हेलीकॉप्टर से पहुंचे एमडी

 कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर 

40 घंटे से अंधेरे में भागलपुर, बिजली बहाली की निगरानी को हेलीकॉप्टर से पहुंचे एमडी राहुल कुमार

भागलपुर। लगातार आए आंधी, बारिश और चक्रवाती तूफान ने भागलपुर सहित बिहार के कई जिलों की बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। भागलपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों में पिछले करीब 40 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी और जलापूर्ति प्रभावित होने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

बिजली आपूर्ति को जल्द बहाल कराने तथा क्षति का जायजा लेने के लिए नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एनबीपीडीसीएल) और साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एसबीपीडीसीएल) के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार हेलीकॉप्टर से भागलपुर पहुंचे। उनके आगमन पर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी समेत बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

इसके बाद एमडी राहुल कुमार ने मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता तथा तीनों कार्यपालक अभियंताओं के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में भागलपुर, कहलगांव और नवगछिया डिवीजन की बिजली आपूर्ति व्यवस्था एवं बहाली कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

मीडिया से बातचीत में राहुल कुमार ने बताया कि बीती रात आए चक्रवात और 26 मई की रात हुई तेज आंधी-बारिश के कारण कई स्थानों पर बिजली के पोल, तार और अन्य उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए हैं। उन्होंने कहा कि बिजली एक आपातकालीन सेवा है और इसकी बहाली के लिए विभाग की टीमें दिन-रात युद्धस्तर पर कार्य कर रही हैं। रात के समय भी बिजलीकर्मी फील्ड में रहकर मरम्मत कार्य में जुटे रहे।

जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने भी विभागीय अधिकारियों से शीघ्र बिजली आपूर्ति बहाल करने का अनुरोध किया। बैठक के दौरान एमडी ने निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में अब तक बिजली बहाल नहीं हो सकी है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य कर जल्द से जल्द आपूर्ति शुरू की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।




Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |