सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर ,बांका बिहार
शंभूगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 39 लीटर देसी शराब के साथ तीन गिरफ्तार
शंभूगंज थाना पुलिस द्वारा क्षेत्र में शराब कारोबार एवं शराबियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग गांवों में छापेमारी कर भारी मात्रा में देसी शराब बरामद करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार शंभूगंज थाना अध्यक्ष राजकुमार प्रसाद के निर्देश पर गठित टीम ने थाना क्षेत्र के छोटी भरतसिला गांव में छापेमारी अभियान चलाया। अभियान में अवर निरीक्षक राममोहन कुमार, अवर निरीक्षक आदित्य कुमार, अवर निरीक्षक शंकर कुमार तथा अवर निरीक्षक आदर्श कुंदन शामिल थे। पुलिस टीम ने छापेमारी के दौरान पप्पू रविदास एवं रोहित दास के पास से कुल 9 लीटर देसी शराब बरामद की। शराब बरामद होते ही दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
इसी क्रम में पुलिस टीम ने सिलगन गांव में भी छापेमारी की, जहां कुंदन सिंह के पास से 30 लीटर देसी शराब बरामद हुई। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। इस प्रकार अभियान के दौरान कुल 39 लीटर देसी शराब जब्त की गई। थानाध्यक्ष राजकुमार प्रसाद ने बताया कि शराब बरामदगी मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में बांका जेल भेज दिया गया।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शराब कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की लगातार कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में भय का माहौल है। वहीं स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए क्षेत्र में नियमित छापेमारी अभियान चलाने की मांग की है।
.png)



