कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर
पीरपैंती पुलिस का अवैध शराब कारोबार पर बड़ा प्रहार, 29.875 लीटर शराब जब्त
भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पीरपैंती थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए भारी मात्रा में देशी एवं विदेशी शराब बरामद कर एक कारोबारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की लगातार छापेमारी से शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
थानाध्यक्ष पंकज कुमार राउत ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के अठनिया दियारा में अवैध शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना मिलते ही उनके नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी शुरू कर दी। इस दौरान स्वर्गीय किशोरी यादव के पुत्र प्रमोद यादव को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के घर के पीछे सीम की लत्ती में छिपाकर रखे सामान की तलाशी ली, जहां से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब में 14 बोतल 750 एमएल विदेशी शराब, 11 बोतल 375 एमएल विदेशी शराब, 7 बोतल सिग्नेचर ब्रांड 375 एमएल तथा 5 बोतल मैकडॉवेल्स 750 एमएल शामिल हैं।
इसी दौरान पुलिस ने चौखंडी क्षेत्र में भी छापेमारी की। वहां एक घर के बाहर गड्ढे में छिपाकर रखी गई 11 लीटर देशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने देशी और विदेशी शराब मिलाकर कुल 29.875 लीटर शराब जब्त की है।
मौके से गिरफ्तार आरोपी को थाना लाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई जाती थी और किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई की जा रही थी।पीरपैंती पुलिस की लगातार कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में दहशत का माहौल बना हुआ है। वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस की सक्रियता एवं तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कारोबार पर रोक लगेगी।
.png)


