कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर
जगदीशपुर में 1122 लीटर विदेशी शराब बरामद, पंजाब के दो तस्कर गिरफ्तार
भागलपुर के जगदीशपुर थाना पुलिस ने सन्हौला मोड़ चेकपोस्ट के पास वाहन जांच अभियान के दौरान भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद करते हुए पंजाब के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक पिकअप वाहन से कुल 1122.840 लीटर विदेशी शराब जब्त की है।
यह कार्रवाई थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह के नेतृत्व में मध निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, पटना से मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि शराब से लदा एक वाहन जगदीशपुर के रास्ते भागलपुर की ओर आने वाला है। सूचना के बाद पुलिस ने एनएच-133ई स्थित सन्हौला मोड़ चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।
वाहन जांच के दौरान बौंसी की ओर से आ रहे एक पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर वाहन को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान वाहन में सोयाबीन की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई।
जब्त शराब में मैगडॉवेल्स एवं रॉयल स्टैग ब्रांड की विभिन्न मात्रा की बोतलें शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरुलाल सिंह, निवासी अमृतसर (पंजाब) तथा सुनील कुमार, निवासी लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से दो मोबाइल फोन, आधार कार्ड और पिकअप वाहन भी जब्त किया है।
थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है।
.png)




