सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
नन्हे वैज्ञानिकों का कमाल: विज्ञान-कला मेले में झलकी प्रतिभा, रचनात्मकता और नवाचार
स्थानीय एंबीशन पब्लिक स्कूल, चौतरा एवं शंभूगंज में आयोजित विज्ञान सह कला मेला इस वर्ष भी विद्यार्थियों की प्रतिभा और नवाचार का जीवंत मंच बन गया। मेले में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विज्ञान और कला के क्षेत्र में अपनी अद्भुत रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। हर वर्ष की तरह इस बार भी आयोजित यह मेला अभिभावकों और आगंतुकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।
मेले में छात्रों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न वैज्ञानिक मॉडल और कलात्मक प्रस्तुतियां लोगों को काफी प्रभावित करती नजर आईं। प्रमुख मॉडलों में पंबन ब्रिज, मैजिक लिक्विड, वाटर हीटर, एलपीजी गैस फ्रॉम पेट्रोल एंड वाटर, वर्किंग डीएनए, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, स्प्रिंकलर इरिगेशन, ड्रिप इरिगेशन, रेन वाटर इंडिकेटर और चॉकलेट वेंडिंग मशीन शामिल रहे। इसके साथ ही ‘सूर्य तिलक’ जैसे आकर्षक मॉडल ने भी सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा।
कला के क्षेत्र में भी छात्रों ने अपनी कल्पनाशीलता का परिचय दिया। मधुबनी पेंटिंग, रंग-बिरंगे फ्लावर्स, आकर्षक वॉल हैंगिंग और अन्य सजावटी वस्तुएं प्रदर्शित की गईं, जिन्हें देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। सभी मॉडल और कलाकृतियां छात्रों ने अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन में तैयार की थीं।
प्रदर्शनी में वर्किंग डीएनए मॉडल के लिए वंशिका, ईशानवी एवं प्रतिष्ठा की टीम की खूब सराहना हुई। वहीं रेन वाटर हार्वेस्टिंग में स्वीटी, साक्षी और पंखुड़ी, स्प्रिंकलर इरिगेशन में सलोनी व साक्षी, तथा ड्रिप इरिगेशन में दिव्यानी, रितिका, तृषा एवं अंतरा का प्रदर्शन सराहनीय रहा। रेन वाटर इंडिकेटर में जय सिंह, लक्ष्य एवं नैतिक ने अपनी समझदारी का परिचय दिया, जबकि चॉकलेट वेंडिंग मशीन में अंश कुमार सिंह, आशीष कुमार एवं आयुष कुमार ने बेहतरीन मॉडल प्रस्तुत किया।
पंबन ब्रिज, मैजिक लिक्विड, वाटर हीटर एवं एलपीजी मॉडल में अम्बर, देवराज, आर्यन, इशू और प्रियांशु की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं वाटर हीटर मॉडल में अभिषेक, रजनीश राज, गौरव और अमन राज ने अपनी तकनीकी समझ का परिचय दिया। कला वर्ग में मधुबनी पेंटिंग के लिए स्नेहा राज, वॉल हैंगिंग के लिए दिव्या लक्ष्मी तथा फ्लावर्स निर्माण में राजनंदिनी, कोमल, सिमरन, आरुषि एवं श्रेया की प्रस्तुति ने दर्शकों का दिल जीत लिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य मनोरंजन सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। उन्होंने कहा कि यह मेला छात्रों की मेहनत, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का प्रतिफल है। चौतरा शाखा के प्राचार्य अनुज कुमार सिंह ने भी छात्रों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के मंच बच्चों में आत्मविश्वास और नवाचार की भावना को बढ़ावा देते हैं।
विद्यालय के निदेशक कौशल कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालय के छात्र विज्ञान और कला के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहे हैं और राज्य स्तर तक अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने इसे छात्रों की निरंतर मेहनत और शिक्षकों के समर्पण का परिणाम बताया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षक रजनीश सिंह, ऋषिकेश सिंह, समीर सिंह, अशोक यादव, रूपेश कुमार, मयंक सिंह, आशुतोष कुमार, आत्मानंद सिंह, अनुप्रिया कुमारी, सोनिया कुमारी, नेहा कुमारी, शबनम, चंचल कुमार, रिमझिम, प्रेरणा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
.png)







