ब्रेकिंग न्यूज : अमरपुर में युवक की संदेहास्पद मौत, जांच में जुटी पुलिस
April 01, 2026
प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट,बांका बिहार
अमरपुर में युवक की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस
अमरपुर थाना क्षेत्र के मनसरपुर गांव में मंगलवार की शाम एक 19 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पंकज दास के पुत्र सुभाष दास के रूप में हुई है। बताया जाता है कि युवक ने गले में गमछे का फंदा डालकर घर की छत से झूलकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
मृतक के परिजन दिल्ली में रहते हैं, जबकि सुभाष सरस्वती पूजा के अवसर पर गांव आया था और अपनी दादी यशोदा देवी के साथ रह रहा था।
घटना के समय उसकी दादी मजदूरी के लिए गांव से बाहर गई हुई थी। मृतक के बड़े पिता विष्णु दास ने बताया कि वे खेत में काम कर रहे थे, तभी गांव के बच्चों ने सूचना दी कि सुभाष फंदे से झूल रहा है। सूचना मिलते ही वे घर पहुंचे और आसपास के लोगों की मदद से युवक को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की खबर मिलते ही गांव में भारी भीड़ जुट गई और मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
मौके पर पुलिस निरीक्षक रमाशंकर सिंह, थानाध्यक्ष राकेश कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया है।
इधर, घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला बता रहे हैं और हत्या की आशंका भी जता रहे हैं। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि फंदे के दौरान दरवाजा खुला कैसे था और पुलिस को सूचना दिए बिना शव को नीचे क्यों उतारा गया।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में शोक के साथ-साथ रहस्य और आशंका का माहौल बना हुआ है।
.png)


