Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग न्यूज : जमीन विवाद में युवक की हत्या की आशंका, नदी किनारे मिला शव

     कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर 

जमीन विवाद में युवक की हत्या की आशंका, नदी किनारे मिला शव

भागलपुर के नाथनगर थाना क्षेत्र में अपहरण के एक मामले ने उस वक्त सनसनीखेज मोड़ ले लिया, जब लापता युवक का शव बरामद किया गया। नाथनगर चौकी के नियामतपुर निवासी किशोर कुमार के अपहरण की शिकायत परिजनों द्वारा थाना में दर्ज कराई गई थी। लेकिन कुछ ही समय बाद बरारी पुल घाट के समीप नदी किनारे से उनका शव मिलने से इलाके में दहशत फैल गई।

बरारी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं डीएसपी टू राकेश कुमार स्वयं मृतक के घर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली। नाथनगर पुलिस ने भी शव की पहचान किशोर कुमार के रूप में होने की पुष्टि की है।

मृतक की पत्नी निधि कुमारी ने थाना में दिए आवेदन में बताया कि उनके पति दोपहर करीब 3:30 बजे घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों के अनुसार, किशोर कुमार का जमीन बिक्री को लेकर कहलगांव थाना क्षेत्र के पदमपुर वार्ड-02 निवासी कोला दास और शिवम कुमार गुप्ता के साथ विवाद चल रहा था। जमीन के एवज में दी गई राशि में एक चेक बाउंस हो गया था, जिसके बाद से दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था।

निधि कुमारी ने आरोप लगाया कि संबंधित लोगों द्वारा उनके पति को लगातार फोन पर धमकियां दी जा रही थीं। उन्होंने आशंका जताई है कि इसी जमीन विवाद के चलते उनके पति का अपहरण कर हत्या कर दी गई। इस संबंध में नाथनगर इंस्पेक्टर राजीव रंजन सिंह ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |