सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
पुलिस को चकमा देकर भागा नाबालिग आखिर गिरफ्तार, लूटकांड का आरोपी बाल सुधार गृह भेजा गया
बांका जिले के शंभूगंज थाना क्षेत्र में टोटो चालक से हथियार के बल पर हुई लूटपाट के मामले में फरार चल रहे नाबालिग आरोपी को पुलिस ने आखिरकार धर दबोचा। आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद बाल सुधार गृह भेज दिया गया।
ज्ञात हो कि तीन दिन पूर्व रामचुआ पंचायत भवन के समीप एक टोटो चालक से हथियार दिखाकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया था। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुर्मा चौक के पास से एक नाबालिग आरोपी को लोडेड देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
इसी दौरान पुलिस गिरफ्तार नाबालिग आरोपी को तीसरे आरोपी की निशानदेही के लिए बंशीपुर गांव लेकर गई थी। मौके का फायदा उठाकर आरोपी पुलिस हिरासत से छत के रास्ते कूदकर अंधेरे में फरार हो गया था। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी अभियान शुरू किया गया।
हालांकि इस कांड में शामिल दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन फरार नाबालिग आरोपी की तलाश लगातार जारी थी। इसी क्रम में सोमवार की रात गुप्त सूचना के आधार पर शंभूगंज थाना पुलिस ने शाहकुंड बाजार में छापेमारी कर फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
थाना पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ के बाद उसे मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जहां से उसे बाल सुधार गृह भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि लूटकांड में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस गिरफ्तारी के बाद जहां पुलिस ने राहत की सांस ली है, वहीं क्षेत्र में लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर विश्वास भी मजबूत हुआ है।
.png)


