कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर
ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार, पुलिस की बड़ी कार्रवाई
भागलपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक अहम सफलता हाथ लगी है। मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक तस्कर को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार 9 अप्रैल 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि रामपुरखुर्द इलाके में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री हो रही है।
सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्दश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया और इलाके में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन पुलिस बल की तत्परता से उसे पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 3.82 ग्राम ब्राउन शुगर, तीन मोबाइल फोन और करीब 5000 रुपये नकद बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान इंदु कुमार के रूप में हुई है, जो रामपुरखुर्द का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
.png)


