प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
मछली पकड़ने के दौरान मछुआरे की संदिग्ध मौत, इलाके में मचा हड़कंप
बांका जिले अमरपुर नगर पंचायत के वार्ड नंबर 11 स्थित पैन बांध में गुरुवार को मछली पकड़ने के दौरान एक मछुआरे की अचानक मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान भागलपुर जिले के परवत्ती गांव निवासी 50 वर्षीय रंजीत मंडल के रूप में की गई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और शोक का माहौल व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब दस मछुआरे पैन बांध में मछली पकड़ने के लिए पानी में उतरे थे। इसी दौरान रंजीत मंडल की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि उन्हें अचानक सांस लेने में दिक्कत होने लगी, जिससे वह असहज हो गए। स्थिति को गंभीर देखते हुए साथियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत पानी से बाहर निकाला।
इसके बाद साथी मछुआरे आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अमरपुर रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. दिवाकर सिंह ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
घटना की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। मृतक के साथियों और परिजनों में गहरा शोक देखा गया। वहीं, घटना को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। कुछ लोग इसे अचानक स्वास्थ्य संबंधी समस्या मान रहे हैं, तो कुछ अन्य संभावित कारणों को लेकर आशंकाएं जता रहे हैं। फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।
.png)



