सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
टीसी के नाम पर अवैध वसूली पर छात्रों ने जताया आक्रोश, जांच के आदेश
बांका जिले के शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र के एक उर्दू मध्य विद्यालय में आठवीं कक्षा उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं से स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) देने के नाम पर अवैध वसूली का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर छात्रों और अभिभावकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्यालय के आधा दर्जन छात्र-छात्राओं—तमन्ना खातुन, आनिया खातुन सहित अन्य ने आरोप लगाया है कि वे पहली कक्षा से आठवीं तक इसी विद्यालय में पढ़ाई कर चुके हैं। आठवीं की परीक्षा पास करने के बाद जब उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए उच्च विद्यालय में नामांकन लेना था, तब टीसी की आवश्यकता पड़ी।
छात्राओं का कहना है कि जब उन्होंने विद्यालय प्रभारी से टीसी मांगा, तो प्रभारी मु. जियाउलद्दीन द्वारा इसके एवज में 1500 रुपये की मांग की गई। छात्रों के अनुसार, जब इस बात की जानकारी उन्होंने अपने अभिभावकों को दी, तो प्रभारी की ओर से उपस्थिति पूरी नहीं होने और कार्यालय खर्च का हवाला देकर पैसे की मांग को सही ठहराने की कोशिश की गई।
छात्र-छात्राओं ने बताया कि वे पिछले पांच दिनों से भीषण गर्मी में विद्यालय का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन बिना पैसे दिए उन्हें टीसी नहीं दिया जा रहा है। इस कारण उनका उच्च विद्यालय में नामांकन भी अटक गया है, जिससे उनके भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। आक्रोशित छात्रों ने मामले की शिकायत प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) से करने की बात कही है।
वहीं, इस पूरे मामले पर विद्यालय प्रभारी मु. जियाउलद्दीन ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि आठवीं कक्षा में कुल 63 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए हैं और सभी को क्रमवार टीसी दिया जा रहा है, किसी से भी अवैध वसूली नहीं की जा रही है।
इधर, प्रभारी बीईओ भूपेंद्र सिंह ने स्पष्ट कहा कि टीसी के नाम पर किसी भी प्रकार की राशि की मांग करना पूरी तरह गलत है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
.png)




