प्रीतम सुमन APP न्यूज़ ब्यूरो रिपोर्ट बांका, बिहार
अमरपुर में डबल मर्डर मिस्ट्री: युवक को गोली, महिला पर एसिड से पहचान मिटाने की कोशिश
अमरपुर प्रखंड में सोमवार की सुबह मिले एक युवक और एक महिला के शव का दूसरे दिन भी शिनाख्त नहीं हो सकी है, जिससे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल बना हुआ है। दोनों मामलों में स्थानीय चौकीदार के बयान पर थाने में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
पहली घटना डटवाटी गांव के समीप तीनकोनमा मोड़ मुख्य सड़क किनारे की है, जहां करीब 25 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। युवक के बाईं कनपटी पर गोली का सुराख और गंभीर जख्म पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया गोली मारकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। तलाशी के दौरान मृतक के पास से स्प्रिंगयुक्त चाकू, अलग-अलग बाइकों की चार चाबियां, चिलम और मोबाइल चार्जर की तार बरामद हुई है। इन सामानों को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और आशंका जताई जा रही है कि युवक का संबंध किसी आपराधिक गिरोह, संभवतः बाइक चोर गिरोह से हो सकता है।
दूसरी घटना भरको पंचायत के रामपुर भुरहा बहियार स्थित मक्का खेत की है, जहां करीब 30 वर्षीय अज्ञात विवाहिता का अर्धनग्न शव मिला। महिला के चेहरे पर एसिड जैसे तरल पदार्थ के निशान और आसपास जली घास इस ओर इशारा कर रहे हैं कि अपराधियों ने पहचान छिपाने के लिए अमानवीय तरीके अपनाए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कप्तान उपेन्द्र नाथ वर्मा ने दोनों घटनास्थलों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शवों को सुरक्षित रखा गया है और पहचान के प्रयास जारी हैं। उन्होंने आम लोगों से शवों की शिनाख्त में सहयोग की अपील की है, ताकि जल्द ही अपराधियों को पकड़कर सलाखों के पीछे भेजा जा सके।
.png)



