सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
सुल्तानगंज-देवघर मार्ग पर भीषण हादसा: बाइक-कार टक्कर में तीन युवकों की मौत, कई घायल
बांका जिले के सुल्तानगंज-देवघर मुख्य मार्ग पर बेलहर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिजी खरवा के समीप शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक और कार की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई।
मृतकों की पहचान सुरेन्द्र साह, रूपेश साह और बालेश्वर साह के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर किसी कार्य से जा रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
वहीं कार में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि कार सवार सभी लोग झारखंड के गढ़वा जिले के निवासी हैं।
घटना की सूचना मिलते ही बेलहर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को बहाल किया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
.png)





