सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
निरीक्षी जज रितेश कुमार ने तिलडीहा दुर्गा मंदिर में टेका माथा, विकास कार्यों की ली जानकारी
पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश सह बांका जिला के निरीक्षी जज रितेश कुमार अपनी पत्नी मीतू कुमारी के साथ रविवार को बांका से पटना जाने के क्रम में प्रसिद्ध तेलडीहा दुर्गा मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर माता का आशीर्वाद लिया।
मंदिर पहुंचने पर जज दंपती ने पहले मंदिर परिसर की परिक्रमा की। इसके बाद प्रधान पुजारी पंडित श्याम आचार्य ने गर्भगृह में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा संपन्न कराई। इस दौरान पुजारी सहित मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों ने उन्हें मंदिर की विशेषताओं और धार्मिक महत्व की विस्तृत जानकारी दी। बताया गया कि यहां बंग्ला पद्धति से पूजा की जाती है और माता के दरबार में आने वाले श्रद्धालुओं की हर मुराद पूरी होती है।
मंदिर के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि स्थापना के समय यह स्थान पूरी तरह निर्जन था, लेकिन आज यह भव्य और आकर्षक स्वरूप ले चुका है। यह परिवर्तन श्रद्धालुओं की आस्था और माता की कृपा का परिणाम माना जाता है। जज दंपती ने मंदिर की व्यवस्था और वातावरण की सराहना भी की। इस दौरान उन्होंने बदुआ नदी पर बन रहे मंदिर के समानांतर उच्च स्तरीय पुल एवं प्रस्तावित रिवर फ्रंट परियोजना की भी जानकारी ली। अधिकारियों ने उन्हें निर्माण कार्य की प्रगति और भविष्य की योजनाओं से अवगत कराया।
मौके पर एसडीओ राजकुमार, एसडीपीओ अमर विश्वास, प्रधान पुजारी पंडित श्याम आचार्य, मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य ललन कुमार दास, कन्हाय चंद्र दास, सामाजिक कार्यकर्ता विभाकर सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। जज के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में विशेष उत्साह का माहौल देखा गया।
.png)



