कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर
मंदिरों में चोरी से ग्रामीणों में आक्रोश, दानपेटी तोड़ नगदी व सामान ले उड़े चोर
भागलपुर बाईपास थाना क्षेत्र के बैजानी गांव स्थित हनुमान मंदिर और मां काली मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम देकर इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया। चोरों ने हनुमान मंदिर में पूजा-पाठ में इस्तेमाल होने वाले कासा-पीतल के बर्तनों की चोरी कर ली, साथ ही दानपेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी नगदी भी लेकर फरार हो गए।
इतना ही नहीं, चोरों ने मां काली मंदिर को भी निशाना बनाया। मंदिर के भंडार कक्ष का गेट तोड़ दिया गया और वहां लगी मोटर को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना की जानकारी बुधवार सुबह उस समय हुई, जब ग्रामीण रोजाना की तरह पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे। मंदिर की स्थिति देखकर लोगों में आक्रोश फैल गया और तत्काल इसकी सूचना बाईपास थाने को दी गई।
सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष सुमन कुमार राय और एएसआई उमेश शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि इस घटना के पीछे साधारण चोरों के बजाय नशे के आदी, विशेषकर ब्राउन शुगर का सेवन करने वाले युवकों का हाथ हो सकता है। उन्होंने पुलिस से इलाके में गश्ती बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने की मांग की है।
थाना अध्यक्ष ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि मामले में शामिल अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या नशे से जुड़ी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
.png)





