प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
नाले की दुर्गंध से त्रस्त दुकानदार, कारोबार पर पड़ा असर; समाधान की मांग तेजअमरपुर नगर पंचायत के वार्ड नंबर 12 में ग्रामीण बैंक के समीप नाले का गंदा और बदबुदार पानी दुकानों के सामने बहने से दुकानदारों और ग्राहकों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। बीते दो महीनों से जारी इस समस्या ने जहां व्यापार को प्रभावित किया है, वहीं आसपास का वातावरण भी दूषित हो गया है। हालत यह है कि ग्राहक अब दुकानों में जाने से कतराने लगे हैं, जिससे दुकानदारों की आय पर सीधा असर पड़ रहा है।
स्थानीय दुकानदार श्रवण दारूका, अनिल दारूका, मनोज कुमार और गणेश भगत सहित अन्य लोगों ने बताया कि नाले का गंदा पानी दुकानों के सामने जमा होकर बहता रहता है। इससे उठने वाली तीखी दुर्गंध के कारण दिनभर दुकान पर बैठना मुश्किल हो गया है। कई ग्राहक तो गंदा पानी देखकर बिना खरीदारी किए ही लौट जाते हैं, जिससे कारोबार में गिरावट आई है।
दुकानदारों ने यह भी बताया कि पानी के जमाव से इलाके में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। पास स्थित मां काली मंदिर में पूजा करने आने वाले श्रद्धालुओं को भी इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे उनकी आस्था आहत हो रही है।
समस्या को लेकर कई बार नगर पंचायत और सफाई कर्मियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है। नाले की संकीर्ण बनावट और खराब संरचना के कारण गंदा पानी बाहर फैल रहा है। दुकानदारों ने चेतावनी दी है कि यदि बरसात से पहले नाले की मरम्मत और चौड़ीकरण नहीं किया गया, तो स्थिति और भयावह हो सकती है।
नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी अनुराग कुमार ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जेई को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं और जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।
.png)

