सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
बायोमेट्रिक ठगी का आरोप: महिला के खाते से 6900 रुपये गायब, दुकानदार पर लगाया आरोप
शंभूगंज थाना क्षेत्र के असौता गांव में बायोमेट्रिक निकासी के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है, जहां एक महिला के बैंक खाते से 6900 रुपये की कथित अवैध निकासी कर ली गई। पीड़िता तारा देवी, पति रामविलास दास ने गांव के ही एक दुकानदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
घटना की जानकारी तारा देवी को उस समय हुई, जब उन्होंने अपना बचत खाता अपडेट कराया। खाते की एंट्री देखने के बाद 6900 रुपये की निकासी दर्ज पाकर वह हैरान रह गईं। उन्होंने तुरंत इस संबंध में गांव के दुकानदार रंजीत साह से शिकायत करते हुए पैसे लौटाने की मांग की, लेकिन आरोप है कि दुकानदार ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया।
पीड़िता ने बताया कि वह अक्सर रंजीत साह की मनिहारी (श्रृंगार) दुकान पर जाकर बायोमेट्रिक मशीन के माध्यम से पैसे निकालती थीं। इसी दौरान उनके खाते से यह राशि निकाले जाने की आशंका है। उन्होंने दुकानदार पर विश्वास का दुरुपयोग करते हुए अवैध निकासी करने का आरोप लगाया है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, आरोपी दुकानदार रंजीत साह ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि उन्हें बेवजह इस मामले में फंसाया जा रहा है और उन्होंने किसी प्रकार की अवैध निकासी नहीं की है।
इधर, शंभूगंज थाना अध्यक्ष राज कुमार प्रसाद ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार दोषी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
.png)




