कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर
फर्जी पत्रकार बन उगाही करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार
भागलपुर के सिल्क सिटी में पत्रकारिता की आड़ में अवैध वसूली करने वाले एक बड़े गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। जोगसर थाना क्षेत्र के मानिक सरकार चौक स्थित ‘2.0 रेस्टोरेंट’ में खुद को पत्रकार बताकर संचालक को धमकाने और पैसे मांगने वाले 5 शातिर अपराधियों को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार, 23 अप्रैल 2026 को हुई इस कार्रवाई से शहर में हड़कंप मच गया है।
मामले में वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग पत्रकार बनकर रेस्टोरेंट संचालक से अवैध वसूली कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (नगर-01) की निगरानी में विशेष टीम का गठन किया गया।
जोगसर थानाध्यक्ष मंटू कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर 5 लोगों को दबोच लिया गया। हालांकि, गिरोह की दो महिला सदस्य मौके से फरार होने में सफल रहीं।
गिरफ्तार आरोपियों में गौतम कुमार गर्जना (मुंदीचक), अरविंद कुमार (जमालपुर, शाहकुंड), अजय कुमार (आदमपुर, जोगसर), संजीव मिश्रा (सबौर) और समीम उल्लाह (सिमरिया, कजरैली) शामिल हैं। सभी भागलपुर जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी हैं।
रेस्टोरेंट संचालक अभिषेक कुमार की सूझबूझ से इस गिरोह का पर्दाफाश संभव हो सका। उन्होंने धमकियों के आगे झुकने के बजाय जोगसर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। इस आधार पर कांड संख्या 87/2026 के तहत कुल 7 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने फरार दोनों महिलाओं की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है। साथ ही आम लोगों और व्यापारियों से अपील की है कि इस तरह की घटनाओं से न डरें और तुरंत पुलिस को सूचना दें।
.png)




