सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
ऑपरेशन मुस्कान’ में बांका पुलिस की बड़ी पहल, 51 लोगों को लौटाए गए खोए मोबाइल
बांका पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत सराहनीय कार्य करते हुए कुल 51 लोगों के खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। इस पहल से न केवल लोगों को राहत मिली, बल्कि उनके चेहरों पर खुशी भी लौट आई।
पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने स्वयं अपने हाथों से मोबाइल फोन लौटाते हुए पीड़ितों को सौंपा। इस दौरान मोबाइल वापस पाने वाले लोगों की खुशी देखते ही बन रही थी। कई लोगों ने बताया कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ मोबाइल वापस मिल पाएगा, लेकिन पुलिस की सक्रियता से यह संभव हो सका।
जानकारी के अनुसार, ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत बांका पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाकर खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन की ट्रैकिंग की गई। तकनीकी टीम की मदद से इन मोबाइलों को विभिन्न स्थानों से बरामद किया गया। इसके बाद सभी मोबाइलों का सत्यापन कर सही मालिकों की पहचान सुनिश्चित की गई।
एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा ने बताया कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान करना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि तकनीक के माध्यम से अब खोए हुए मोबाइल को ढूंढना संभव हो गया है, बशर्ते समय पर इसकी सूचना पुलिस को दी जाए।
उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल खोने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाने में सूचना दें या संबंधित पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि शीघ्र कार्रवाई की जा सके।
इस अभियान से जिले में पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस के कई अधिकारी एवं कर्मी भी मौजूद रहे, जिन्होंने इस अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
.png)






