कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर
एकतरफा प्यार में ‘हाई वोल्टेज ड्रामा’: मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, 4 घंटे बाद पुलिस ने सुरक्षित उतारा
भागलपुर के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के बलुवाचक स्थित हरिहर बाबा स्थान के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक एकतरफा प्यार में पागल होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक करीब चार घंटे तक टावर के ऊपर बैठा रहा और लगातार हंगामा करता रहा, जिससे इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई।
युवक की पहचान सन्हौली पंचायत के तरडीहा गांव निवासी सुबोध राय के 24 वर्षीय पुत्र भास्कर कुमार उर्फ अभिषेक के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह अपनी प्रेमिका से जबरन शादी कराने की जिद पर अड़ा था। वह बार-बार मांग कर रहा था कि लड़की को मौके पर बुलाया जाए। युवक का कहना था कि जब तक प्रेमिका शादी के लिए हामी नहीं भरेगी, वह नीचे नहीं उतरेगा। इतना ही नहीं, उसने आत्महत्या की धमकी भी दी और कहा कि अगर उसकी बात नहीं मानी गई तो वह टावर से कूद जाएगा।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम और जगदीशपुर थाना अध्यक्ष रामचंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने काफी धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए युवक को शांत कराने का प्रयास किया। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत और समझाइश के बाद पुलिस युवक को सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
इस घटना ने मोबाइल टावर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आखिर युवक टावर परिसर में कैसे प्रवेश कर गया और इतनी ऊंचाई तक कैसे पहुंच गया। क्या वहां कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था या निगरानी व्यवस्था पूरी तरह नदारद थी? फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।
.png)


