सूरज कुमार APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, पटना ,बिहार
जून से शुरू होगी पंचायत चुनाव की तैयारी, 17 साल के युवा भी कर सकेंगे आवेदन
बिहार में आगामी पंचायत चुनाव को लेकर तैयारियां अब तेज़ हो गई हैं। चुनाव की सबसे अहम प्रक्रिया मतदाता सूची तैयार करने की रूपरेखा तय कर दी गई है। मिली जानकारी के अनुसार, जून महीने से पंचायत चुनाव के लिए वोटर लिस्ट बनाने का कार्य शुरू किया जाएगा। यह सूची अलग से तैयार नहीं होगी, बल्कि विधानसभा क्षेत्रों की मौजूदा मतदाता सूची के आधार पर उसका विखंडन कर पंचायत स्तर पर लागू किया जाएगा। इससे जिन लोगों का नाम पहले से विधानसभा मतदाता सूची में दर्ज है, उनका नाम स्वतः पंचायत वोटर लिस्ट में भी शामिल हो जाएगा।
हालांकि जिन नागरिकों का नाम अभी तक विधानसभा मतदाता सूची में नहीं जुड़ा है, उन्हें पहले अपना नाम दर्ज कराना होगा। इसके लिए निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट प्रक्रिया निर्धारित की है। खास बात यह है कि अब 17 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा भी अग्रिम आवेदन कर सकेंगे। जैसे ही वे 18 वर्ष के होंगे, उनका नाम स्वतः मतदाता सूची में जोड़ दिया जाएगा। वर्तमान में शहरी क्षेत्रों में प्रतिदिन औसतन 50 और ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 25 आवेदन नाम जोड़ने के लिए प्राप्त हो रहे हैं, जो बढ़ती जागरूकता का संकेत है।
मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन की प्रक्रिया को भी आसान बनाया गया है। इच्छुक व्यक्ति ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। नए नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7, और किसी भी प्रकार के सुधार के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जाएगा। वहीं, एनआरआई मतदाताओं के लिए फॉर्म-6ए निर्धारित किया गया है।
निर्वाचन आयोग ने दस्तावेजों को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। आवेदन के दौरान आवश्यक प्रमाणपत्र देना अनिवार्य होगा। विशेष रूप से वर्ष 2004 के बाद जन्म लेने वाले आवेदकों को अपना जन्म प्रमाणपत्र और माता-पिता के जन्म प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत करने होंगे। यदि माता या पिता में से कोई भारतीय नागरिक नहीं है, तो उनके पासपोर्ट और वीजा से जुड़े दस्तावेज भी जमा करने होंगे।
इस पहल का उद्देश्य पंचायत चुनाव से पहले मतदाता सूची को पूरी तरह सटीक और अद्यतन बनाना है, ताकि हर पात्र नागरिक अपने मताधिकार का उपयोग कर सके।
.png)




