प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
UPSC में अमरपुर के दो युवाओं का परचम, क्षेत्र में खुशी की लहर
बांका जिले के अमरपुर प्रखंड के दो मेधावी युवाओं ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से अमरपुर क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है।
अमरपुर प्रखंड के गोपालपुर गांव निवासी अजय कुमार शर्मा के पुत्र प्रणय प्रसून ने इस कठिन परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 245वीं रैंक प्राप्त की है। बताया जाता है कि प्रणय प्रसून के पिता मधुबनी स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में कार्यरत हैं। प्रणय की प्रारंभिक शिक्षा भी जवाहर नवोदय विद्यालय, मधुबनी से ही हुई। इसके बाद उन्होंने देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी खड़गपुर (पश्चिम बंगाल) से बीटेक और एमटेक की पढ़ाई पूरी की। वर्तमान में वे बिहार राजस्व सेवा में अधिकारी के रूप में कार्यरत थे। प्रणय की इस सफलता से उनके परिवार के साथ-साथ पूरे गांव और क्षेत्र के लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
वहीं दूसरी ओर, अमरपुर प्रखंड के महोता गांव निवासी सुनील कुमार पवन के पुत्र अनिकेत रंजन ने यूपीएससी परीक्षा में 48वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। अनिकेत की सफलता इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि उन्होंने पिछले वर्ष भी इस परीक्षा में 857वीं रैंक हासिल की थी, जिसके आधार पर उन्हें कस्टम एंड इनकम टैक्स विभाग में सेवा मिली थी। लेकिन बेहतर रैंक और उच्च सेवा प्राप्त करने के संकल्प के साथ उन्होंने एक बार फिर से परीक्षा दी और इस बार 48वीं रैंक लाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा दिया।
अमरपुर के इन दोनों होनहार युवाओं की सफलता से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों और ग्रामीणों ने दोनों युवाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लोगों का कहना है कि इन युवाओं की सफलता क्षेत्र के अन्य छात्रों और आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।



