सुरज कुमार APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, पटना ,बिहार
सियासी हलचल के बीच 1 अणे मार्ग पर जदयू की अहम बैठक, भावुक विधायकों से बोले नीतीश ,चिंता मत कीजिए, मैं हूं न
बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संभावित राज्यसभा जाने की चर्चाओं के बीच शुक्रवार को पटना स्थित उनके सरकारी आवास 1 अणे मार्ग पर जदयू के विधायकों, सांसदों और विधान पार्षदों (एमएलसी) की एक अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक को राज्य की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों और नेतृत्व को लेकर हो रही चर्चाओं के मद्देनजर काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के राज्यसभा जाने की अटकलों को लेकर कई जदयू विधायक भावुक हो गए। बताया जाता है कि कुछ विधायकों ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने से बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव आ सकता है। इस दौरान बैठक का माहौल कुछ देर के लिए भावुक हो गया और कई नेता अपनी भावनाओं को छिपा नहीं सके।
विधायकों और नेताओं को भावुक देख मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सभी को ढांढस बंधाया। उन्होंने मुस्कराते हुए विधायकों से कहा, “आप लोग चिंता मत कीजिए। मैं हूं न, आप लोग बस अपना काम करते रहिए।” मुख्यमंत्री के इस भरोसे के बाद बैठक में मौजूद नेताओं के चेहरे पर कुछ राहत दिखाई दी।
नीतीश कुमार ने सभी जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य में पहले की तरह ही विकास कार्य और प्रशासनिक व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहेगी। उन्होंने कहा कि किसी को भी घबराने या चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे बिहार में ही रहेंगे और राज्य की जनता तथा विकास कार्यों से उनका जुड़ाव पहले की तरह बना रहेगा।
सूत्रों के अनुसार इस बैठक में सरकार के भावी स्वरूप, पार्टी की संगठनात्मक मजबूती और आने वाले समय की राजनीतिक रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही नेताओं को जनता के बीच सक्रिय रहने और संगठन को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।
राजनीतिक गलियारों में मुख्यमंत्री के संभावित राज्यसभा जाने और बिहार के अगले मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर लगातार कयास लगाए जा रहे हैं। ऐसे में 1 अणे मार्ग पर हुई यह बैठक इन अटकलों के बीच काफी अहम मानी जा रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में बिहार की राजनीति में कई नए राजनीतिक समीकरण भी सामने आ सकते हैं।





