Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

तेज रफ्तार स्कूटी ने वृद्ध को मारी टक्कर, चालक समेत दो घायल

       नंदन कुमार APP न्यूज रिपोर्टर, चांदन ,बांका 

तेज रफ्तार स्कूटी ने वृद्ध को मारी टक्कर, चालक समेत दो घायल

बांका जिले के चांदन प्रखंड अंतर्गत आनंदपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक अनियंत्रित स्कूटी ने सड़क पर जा रहे एक वृद्ध को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूटी चालक समेत दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भैरोपुर गांव निवासी करमा दास के पुत्र संदीप कुमार दास सिधुडीह की ओर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सिधुडीह गांव के लगभग 70 वर्षीय वृद्ध लोचन तांती भैरोगंज बाजार की ओर जा रहे थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही स्कूटी ने उन्हें जोरदार ठोकर मार दी। 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी चालक का चेहरा बुरी तरह जख्मी हो गया, जबकि वृद्ध लोचन तांती भी सड़क पर गिरकर अचेत हो गए। वृद्ध के कमर में गंभीर चोट लगने की बात कही जा रही है, जिससे उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल आनंदपुर थाना पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एएसआई रविशंकर कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी (बीआर 51एच 9124) को जब्त कर लिया। 

दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए रेफरल अस्पताल कटोरिया भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि स्कूटी चालक कथित रूप से शराब के नशे में वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। हालांकि पुलिस द्वारा इसकी पुष्टि की जांच के बाद ही की जाएगी।

इस संबंध में आनंदपुर थाना अध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि दोनों घायलों का इलाज कराया जा रहा है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और नशे में वाहन चलाने को लेकर लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |