नंदन कुमार APP न्यूज रिपोर्टर ,चांदन ,बांका
शॉर्ट सर्किट से यूको बैंक भनरा शाखा में लगी आग, लाखों का नुकसान
बांका जिला के चांदन प्रखंड अंतर्गत दरदमारा बॉर्डर स्थित यूको बैंक की भनरा शाखा में शुक्रवार की रात करीब 9 बजे अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
आग लगते ही बैंक परिसर में रखे एसी, टेबल, लैपटॉप सहित कई महत्वपूर्ण उपकरण जलकर राख हो गए। इस घटना में करीब दो लाख रुपये से अधिक की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग तेजी से फैली, जिससे कुछ समय के लिए स्थिति भयावह हो गई।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही चांदन थाना पुलिस और कटोरिया अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। सूत्रों के अनुसार आग में कुछ नगदी राशि के भी जलने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि खबर लिखे जाने तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना मिलते ही बैंक प्रबंधक समरजीत सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम अचानक हुई बारिश और तेज बिजली कड़कने के कारण शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग भड़क गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।


