सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर ,बांका बिहार
जदयू में नई ऊर्जा: संगठन विस्तार की तैयारी, कई नेताओं को मिल सकती बड़ी जिम्मेदारी
बांका : जनता दल (यूनाइटेड) में संगठनात्मक मजबूती को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। हाल ही में जिला जदयू अध्यक्ष पद पर अमरेंद्र पटेल के आसीन होने के बाद पार्टी कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस दौरान नवनिर्वाचित प्रखंड अध्यक्षों को सम्मानित किया गया और संगठन के विस्तार को लेकर गहन मंथन हुआ।
जिला अध्यक्ष अमरेंद्र पटेल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने की जरूरत है। उन्होंने संकेत दिए कि इस बार संगठन में कई नए चेहरों को बड़ी जिम्मेदारी दी जाएगी, ताकि पार्टी की पकड़ और मजबूत हो सके।
सूत्रों के अनुसार, शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र के वैदपुर पंचायत के पूर्व मुखिया राजीव रंजन का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा है। माना जा रहा है कि उन्हें जिला स्तर पर या प्रदेश स्तर पर संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिल सकती है। इसके अलावा भी कई नेताओं के नाम चर्चा में हैं। उनके साथ-साथ जदयू राज्य परिषद सदस्य ब्रह्मप्रकाश सिंह कुशवाहा को भी प्रदेश में नई जिम्मेदारी मिल सकती है।
वहीं शंभूगंज प्रखंड जदयू अध्यक्ष बीएल गांधी ने अपने राजनीतिक इरादों को स्पष्ट करते हुए कहा कि वे प्रखंड स्तर से आगे बढ़कर विधानसभा तक पहुंचने का लक्ष्य रखते हैं। उन्होंने कहा कि वे कई बार निर्विरोध प्रखंड अध्यक्ष चुने गए हैं, जो कार्यकर्ताओं के विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से अवसर मिलने की उम्मीद भी जताई। अब देखने वाली बात यह होगी कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का नजर शंभूगंज प्रखंड जदयू अध्यक्ष बीएल गांधी पर कब पड़ता है। या फिर राज्यसभा चुनाव जीतने के बाद दिल्ली जाते ही बीएल गांधी को भूल जाएगें।
दूसरी ओर प्रखंड जदयू उपाध्यक्ष दिनेश मंडल ने कहा कि अब उनकी इच्छा प्रखंड की राजनीति तक सीमित नहीं है। वे जिला या प्रदेश स्तर पर संगठन को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाना चाहते हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए जिला अध्यक्ष अमरेंद्र पटेल ने कहा कि दिनेश मंडल के लिए इस बार कुछ नया और अहम होने वाला है।
कुल मिलाकर जदयू में संगठनात्मक बदलाव और विस्तार की तैयारी से पार्टी में नई ऊर्जा देखने को मिल रही है, जिससे आने वाले समय में राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।





