सुरज कुमार APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, पटना बिहार
बंगाल चुनाव से पहले भाजपा सक्रिय, संगठन मजबूत करने में जुटे डॉ. मृणाल शेखर
पश्चिम बंगाल में आगामी चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी राजनीतिक गतिविधियों को तेज कर दिया है। राज्य में पार्टी की संगठनात्मक स्थिति को मजबूत करने के उद्देश्य से भाजपा नेता एवं पूर्व प्रत्याशी डॉ. मृणाल शेखर लगातार बंगाल में प्रवास कर कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित कर रहे हैं। वे विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर पार्टी की रणनीति को धार देने तथा जमीनी स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने में जुटे हुए हैं।
पश्चिम बंगाल प्रवास के दौरान डॉ. मृणाल शेखर की मुलाकात बिहार भाजपा के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के मंत्री श्री दिलीप जायसवाल से हुई। इस आत्मीय मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच समसामयिक राजनीतिक विषयों सहित संगठन विस्तार और चुनावी रणनीति को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई।
बताया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा अपनी राजनीतिक पकड़ को और मजबूत करने के लिए लगातार जनसंपर्क अभियान चला रही है। इसी क्रम में डॉ. मृणाल शेखर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर उन्हें संगठनात्मक मजबूती और बूथ स्तर तक पार्टी को सक्रिय बनाने का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आने वाले चुनाव में भाजपा को मजबूत विकल्प के रूप में स्थापित करने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा।
इस अवसर पर बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने भी संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि भाजपा का विस्तार कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से ही संभव है। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रति जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है और आने वाले समय में भाजपा और अधिक मजबूती के साथ उभरेगी।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा अपनी रणनीति को और धार दे रही है, जिसके तहत पार्टी के वरिष्ठ नेता लगातार प्रवास कर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने में लगे हुए हैं। इसी कड़ी में डॉ. मृणाल शेखर का बंगाल प्रवास राजनीतिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है।




