सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर ,बांका बिहार
भव्य शोभायात्रा के साथ वैष्णो माता पूजन उत्सव का शुभारंभ, ,उमड़ा आस्था का जनसैलाब
शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र के कुर्माडीह गांव में श्री श्री 108 वैष्णो माता पूजन उत्सव एवं गांव कृपा कथा के शुभारंभ को लेकर बुधवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस अवसर पर पूरे गांव में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। शोभायात्रा में गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से करीब ढाई सौ से अधिक कुमारी कन्याओं एवं महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुल्तानगंज की पवित्र वाहिनी गंगा से जल भरने के साथ हुई। श्रद्धालु महिलाएं सिर पर कलश लेकर गंगा जल भरकर पदयात्रा करते हुए गांव के समीप स्थित मंदिर परिसर पहुंचीं। इसके बाद पारंपरिक वाद्य यंत्रों, ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के दौरान “धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो” जैसे गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
शोभायात्रा गांव की मुख्य सड़कों से होते हुए विभिन्न टोला-मोहल्लों का भ्रमण करती रही, जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जगह-जगह लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया और पूजा-अर्चना कर मंगलकामनाएं कीं। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि यह धार्मिक आयोजन 19 मार्च से 25 मार्च 2026 तक चलेगा।
इस दौरान प्रतिदिन विधिवत पूजा-अर्चना के साथ गांव कृपा कथा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध कथा वाचिका साध्वी निष्ठा गोपाल सरस्वती दीदी अपने मुखारविंद से भगवान की कथा का रसपान कराएंगी। 26 मार्च की संध्या में पूजन उत्सव का समापन होगा, जिसके उपरांत भजन-कीर्तन का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इसके अलावा 27 एवं 28 मार्च को अखंड रामधुन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समस्त ग्रामीण श्रद्धापूर्वक भाग लेंगे। आयोजन की सफलता को लेकर कुर्माडीह गांव के सभी ग्रामीण एकजुट होकर तैयारियों में जुटे हुए हैं।
इस भव्य धार्मिक आयोजन ने पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना दिया है। ग्रामीणों का मानना है कि इस तरह के आयोजन से न केवल आध्यात्मिक चेतना का विकास होता है, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे को भी मजबूती मिलती है।





