सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
तेज रफ्तार बाइक का कहर, मेला से लौट रहे बुजुर्ग को मारी टक्कर, हालत नाजुक
शंभूगंज–इंगलिश मोड़ मुख्य सड़क पर बेलारी गांव मोड़ के समीप रविवार देर शाम एक तेज रफ्तार बाइक ने मेला से लौट रहे बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि बाइक चालक मौके से फरार हो गया।
घायल की पहचान रूदपै गांव निवासी कारू मंडल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कारू मंडल चैती दुर्गा मेला बेलारी से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बेलारी गांव मोड़ के पास पीछे से तेज गति से आ रहे बाइक चालक ने उन्हें जोरदार ठोकर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल बुजुर्ग को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शंभूगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. अजय शर्मा ने प्राथमिक उपचार किया। लेकिन स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक की रफ्तार काफी तेज थी और चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था। टक्कर मारने के बाद चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। घटना को लेकर लोगों में आक्रोश देखा गया और मुख्य सड़क पर लगातार बढ़ती तेज रफ्तार व लापरवाह ड्राइविंग पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बेलारी मोड़ जैसे व्यस्त स्थानों पर गति नियंत्रण के उपाय किए जाएं और दोषी बाइक चालक की पहचान कर उस पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
.png)




