सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
आवास योजना का झांसा देकर दुष्कर्म का प्रयास, वार्ड सदस्य पर प्राथमिकी दर्ज
शंभुगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर एक महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने का मामला सामने आया है। इस मामले में बेलसीरा पंचायत के वार्ड सदस्य छंगुरी रजक के खिलाफ पीड़िता के आवेदन पर शंभुगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।
घटना के संबंध में पीड़िता ने बताया कि रविवार की रात वह अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान वार्ड सदस्य छंगुरी रजक उसके घर के पास पहुंचा और प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए फोटो भेजने की बात कहकर उसे बाहर बुलाया।
महिला जब घर से बाहर निकली तो छंगुरी रजक ने पहले उसे घर के सामने खड़ा कर अपने मोबाइल फोन से फोटो खींचा। इसके बाद वह महिला का हाथ पकड़कर घर के समीप स्थित बांस के झुरमुट की ओर ले गया और वहां जबरन दुष्कर्म करने का प्रयास करने लगा।
महिला के विरोध करने और शोर मचाने पर उसकी पुत्री घर से बाहर निकलकर वहां पहुंच गई। पुत्री के आने की आहट पाकर आरोपित मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पुनि सह थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद ने बताया कि पीड़िता द्वारा दो दिन पूर्व शिकायत दी गई थी। शिकायत के आधार पर जब पुलिस जांच के लिए वार्ड सदस्य के घर पहुंची, उससे पहले ही आरोपित फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
घटना को लेकर गांव में भी आक्रोश का माहौल है।। ग्रामीणों का कहना है कि इस बार घटना गंभीर है, इसलिए दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
इधर आरोपित वार्ड सदस्य छंगुरी रजक ने अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा है कि उसे साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपित की गिरफ्तारी के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।






