सुरज कुमार APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, पटना बिहार
बिहार में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें तेज, नीतीश के राज्यसभा जाने की चर्चा से सीएम चेहरे पर मंथन
बिहार की राजनीति में एक बार फिर बड़े बदलाव की चर्चा तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राज्यसभा भेजे जाने की संभावनाओं के बीच राज्य में नए मुख्यमंत्री को लेकर सियासी गलियारों में कयासों का दौर शुरू हो गया है। इस संभावित बदलाव ने प्रदेश की राजनीति को गरमा दिया है और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं की नजर आने वाले घटनाक्रम पर टिकी हुई है।
सूत्रों के अनुसार, अगर नीतीश कुमार राज्यसभा जाते हैं तो बिहार में नेतृत्व परिवर्तन तय माना जा रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री की कुर्सी किसके हाथ में जाएगी, इसे लेकर एनडीए के भीतर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि करीब दो दशक बाद राज्य में सत्ता के शीर्ष पद पर बदलाव देखने को मिल सकता है।
संभावित मुख्यमंत्री के रूप में कई नामों की चर्चा हो रही है। भाजपा की ओर से कुछ वरिष्ठ नेताओं जैसे सम्राट चौधरी, दिलीप जायसवाल, नित्यानंद राय के साथ साथ एक महिला विधायक का नाम सामने आ रहे हैं, जबकि गठबंधन के भीतर भी नए समीकरण बनने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि अभी तक किसी भी नाम पर आधिकारिक मुहर नहीं लगी है।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि राज्यसभा चुनाव और उसके बाद होने वाले फैसले बिहार की आगामी राजनीति की दिशा तय कर सकते हैं। ऐसे में यह घटनाक्रम सिर्फ एक संवैधानिक प्रक्रिया नहीं बल्कि राजनीतिक रणनीति का भी हिस्सा माना जा रहा है।
फिलहाल पूरे प्रदेश की नजर इस बात पर टिकी है कि आने वाले दिनों में क्या फैसला होता है और अगर नेतृत्व परिवर्तन होता है तो बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। इससे राज्य की राजनीति में नए समीकरण बनने की पूरी संभावना जताई जा रही है।



