प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
निर्माणाधीन नाले की पटिया बनी हादसे की वजह, ई-रिक्शा पलटने से दो महिलाएं व बच्ची घायल
अमरपुर शहर के पुरानी हाट परिसर के समीप सोमवार की सुबह एक ई-रिक्शा पलट जाने से उस पर सवार दो महिलाओं समेत एक बच्ची घायल हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों में अफरातफरी मच गई। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
घायलों की पहचान सलेमपुर गांव निवासी राधे पासवान की पत्नी ललिता देवी, छोटेलाल सिंह की पत्नी झुला देवी तथा धनंजय सिंह की 10 वर्षीय पुत्री आरोही कुमारी के रूप में हुई है। अस्पताल में इलाजरत घायलों ने बताया कि सोमवार सुबह वे पुरानी चौक से ई-रिक्शा पर सवार होकर अपने घर सलेमपुर लौट रही थीं। इसी दौरान पुरानी हाट के पास सड़क किनारे निर्माणाधीन नाले की पटिया सड़क पर ही पड़ी रहने के कारण ई-रिक्शा का संतुलन बिगड़ गया और वाहन अचानक पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए घायल महिलाओं और बच्ची को वाहन से बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों ने बताया कि सभी घायलों का प्राथमिक उपचार कर दिया गया है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में बरती जा रही लापरवाही पर नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि सड़क पर निर्माण सामग्री और पटिया बेतरतीब ढंग से छोड़ दिए जाने से आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माणाधीन स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



