प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
बेकाबू बस ने ली मासूम की जान, आक्रोश में सड़क जाम,दो घंटे ठप रहा अमरपुर-भागलपुर मार्ग
बांका जिले के अमरपुर प्रखंड में तेज रफ्तार वाहनों का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा घटना मंगलवार की सुबह कुल्हरिया चौक के समीप हुई, जहां बेकाबू स्टार बस ने सात वर्षीय बालक को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक बस लेकर भागलपुर की ओर फरार हो गया, हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बस को भागलपुर जिले के कजरैली के पास पकड़ लिया।
घटना में घायल बालक को परिजन इलाज के लिए भागलपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान पीरपैंती थाना क्षेत्र के मिर्जाचौकी निवासी पंकज मलिक के पुत्र प्रिंस उर्फ आयुष कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि बालक अपने परिवार के साथ मामा के घर शादी समारोह में शामिल होने कुल्हरिया आया था। मंगलवार सुबह वह कुरकुरे लेने सड़क पार कर रहा था, तभी अमरपुर से भागलपुर जा रही तेज रफ्तार बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां कंचन देवी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अमरपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंचकर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया।
इधर, मासूम की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शव को कुल्हरिया चौक पर रखकर अमरपुर-भागलपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कुछ वाहनों ने सुरिहारी मोड़ से निकलने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने वहां भी बांस-बल्ला लगाकर रास्ता जाम कर दिया। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जाम कर रहे लोगों ने दोषी चालक की गिरफ्तारी, कड़ी सजा और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। सूचना मिलते ही अपर थानाध्यक्ष सुशील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
करीब दो घंटे बाद प्रशासन के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ और यातायात बहाल किया गया। पुलिस ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, लगातार हो रही दुर्घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है और बेलगाम वाहनों पर सख्ती की मांग तेज हो गई है।
.png)





