Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

कार-बाइक की टक्कर में युवक की मौत, गांव पहुंचते ही मचा कोहराम

      प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार 

कार-बाइक की टक्कर में युवक की मौत, गांव पहुंचते ही मचा कोहराम

बांका जिले के अमरपुर–बांका मुख्य पथ पर मकदुमा गांव के समीप शनिवार की संध्या कार और बाइक की भीषण टक्कर में घायल बाइक चालक की इलाज के दौरान बांका सदर अस्पताल में मौत हो गई। युवक का शव गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा छा गया।

मृतक की पहचान अमरपुर प्रखंड के पहाड़पुर गांव निवासी गौरी तांती के पुत्र श्रवण तांती के रूप में हुई है। बताया जाता है कि शनिवार की शाम श्रवण तांती अपने गांव के ही एक युवक के साथ दवा खरीदने बांका जिले के समुखिया गांव गया था। वहां से वापस लौटने के दौरान मकदुमा गांव के समीप एक कार चालक ने अनियंत्रित होकर उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए बांका सदर अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में इलाज के दौरान श्रवण तांती की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दूसरा युवक कारू कुमार अभी भी सदर अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।

इधर शव गांव पहुंचते ही मृतक की पत्नी पूजा देवी, पांच वर्षीय मासूम पुत्री अंजू कुमारी, मां प्रतिमा देवी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों की चीत्कार सुन आसपास के लोग भी भावुक हो उठे। घटना की सूचना मिलते ही मध्य क्षेत्र के भावी जिला परिषद प्रत्याशी मोहन सिंह अपने समर्थकों के साथ मृतक के घर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए हर संभव सरकारी मदद दिलाने का आश्वासन दिया।

इस दौरान मोहन सिंह ने कहा कि सड़कों पर बेलगाम दौड़ते वाहनों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आकर लोगों की जान जा रही है। उन्होंने प्रशासन से सड़कों पर तेज गति से दौड़ रहे वाहनों पर सख्ती से नकेल कसने की मांग की ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं पर रोक लग सके। बताया जाता है कि श्रवण तांती छह भाई और छह बहनों में तीसरे नंबर पर था। इस हादसे के बाद पूरे मोहल्ले में गहरा शोक व्याप्त है।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |