Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

आपसी विवाद में खूनी संघर्ष, जख्मी का इलाज के दौरान मौत ,परिजनों में मचा कोहराम

    प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार 

आपसी विवाद बना खूनी संघर्ष: इलाज के दौरान घायल दिलीप यादव की मौत, गांव में पसरा मातम

बांका जिले के अमरपुर प्रखंड के मैनमा ओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत पहाड़पुर गांव में आपसी विवाद को लेकर हुई हिंसक झड़प में गंभीर रूप से घायल दिलीप यादव की शुक्रवार की देर रात भागलपुर के मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है, वहीं आरोपित घटना के बाद से गांव छोड़कर फरार हो गए हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए शनिवार की संध्या बांका एसडीपीओ अमर विश्वास, अमरपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार तथा मैनमा ओपी थानाध्यक्ष अयांश रंजन पुलिस बल के साथ पहाड़पुर गांव पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मृतक के परिजनों से घटना की जानकारी ली और घटनास्थल की बैरिकेडिंग कर वहां स्थानीय चौकीदार की प्रतिनियुक्ति कर दी। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है, लेकिन सभी आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।

मृतक के पुत्र श्रवण कुमार ने बताया कि उनके चाचा चंदेश्वरी यादव पड़ोसी सौरभ कुमार की बच्ची की शादी में शामिल हुए थे। इसी बात को लेकर पड़ोसी सौरभ कुमार उनके चाचा के साथ अक्सर गाली-गलौज करता रहता था। गुरुवार को सौरभ कुमार, गौरव कुमार, पवन कापरी, अंजन कापरी और पियुष कुमार अपने अन्य परिजनों के साथ मिलकर चाचा के साथ मारपीट कर रहे थे। जब इस घटना की जानकारी मिलने पर उनके पिता दिलीप यादव और अन्य परिजन बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपितों ने लाठी-डंडों से हमला कर उनके पिता को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

गंभीर हालत में दिलीप यादव को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भागलपुर ले जाया गया, जहां शुक्रवार की देर रात उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार मृतक दिलीप यादव बेहद मिलनसार और शांत स्वभाव के व्यक्ति थे। उनके परिवार में तीन पुत्र और दो पुत्रियां हैं। उन्होंने अपने जीवनकाल में दोनों बेटियों की शादी कर दी थी और अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे थे।

घटना के बाद मृतक की पत्नी सुमित्रा देवी, पुत्र श्रवण कुमार, छोटू कुमार, गौरव कुमार तथा पुत्री खुशी कुमारी और शबनम कुमारी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।मैनमा ओपी थानाध्यक्ष अयांश रंजन ने बताया कि मृतक के फर्द बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है और घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |