Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

स्टूडियो संचालक को मारी गोली, हालत नाजुक, दहशत का माहौल, पुलिस जांच में जुटी

 प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका ,बिहार 

स्टूडियो संचालक को मारी गोली, हालत नाजुक, लोगो में दहशत, पुलिस जांच में जुटी

अमरपुर थाना क्षेत्र के तेतरिया मोड़ स्थित त्रिमूर्ति डिजिटल स्टूडियो के प्रोपराइटर उत्तम कुमार पर सोमवार की देर रात अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला कर गोली मार दी। इस घटना में उत्तम कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें परिजनों ने आनन-फानन में इलाज के लिए मायागंज भागलपुर अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स रेफर कर दिया गया, जहां वे जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही अमरपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही सजौर और कजरैली थाना की पुलिस भी पहुंची, लेकिन शुरुआती दौर में घटनास्थल को लेकर तीनों थानों के बीच सीमा विवाद के कारण कुछ देर तक असमंजस की स्थिति बनी रही। बाद में स्पष्ट हुआ कि घटना अमरपुर थाना क्षेत्र की है, जिसके बाद स्थानीय पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी।

घायल युवक के पिता अशोक कुमार सिंह और मां पूनम देवी ने बताया कि सोमवार शाम उत्तम अपनी दुकान पर था, जबकि वे घर में खाना बना रहे थे। इसी दौरान गोली चलने की आवाज सुनकर जब वे दुकान पहुंचे तो देखा कि उनका पुत्र खून से लथपथ अचेत पड़ा था। इसके बाद उसे तत्काल नजदीकी क्लिनिक ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने रेफर कर दिया।

मंगलवार को एफएसएल टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और आसपास के दुकानदारों व परिजनों के बयान दर्ज किए। थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उनकी पहचान के लिए छापेमारी की जा रही है। इधर, इस सनसनीखेज घटना के बाद तेतरिया मोड़ समेत आसपास के बाजार क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। दुकानदारों में भय व्याप्त है और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |